*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर शीतलहर की संभावना को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जनपदों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ तैयारी करने को कहा गया है।

सभी जिलों को कोल्ड वेव एक्शन प्लान अपडेट रखने, त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखने और हर विभाग में नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को अलर्ट पर रखा जाएगा और मौसम विभाग की चेतावनियों को तहसील, ब्लॉक और पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

*संवेदनशील लोगों की पहचान होगी*

शासन ने बुजुर्ग, अकेले रहने वाले व्यक्ति, नवजात बच्चे, गर्भवती महिलाएं, दिव्यांगजन, गंभीर रोगियों, बेघर और खुले में रहने वाले श्रमिकों की पहचान कर उन्हें कंबल, गर्म कपड़े, आश्रय और भोजन उपलब्ध कराने को कहा है। गर्भवती महिलाओं का डाटाबेस भी बनाया जाएगा।

*रैन बसेरा और अलाव की व्यवस्था*

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रैन बसेरों और अस्थायी आश्रयों में हीटर, गर्म पानी, प्रकाश, पेयजल और प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। बाजारों, बस अड्डों, अस्पतालों और श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था और पर्याप्त ईंधन रखने को कहा गया है।

*स्वास्थ्य और सड़क व्यवस्था पर विशेष फोकस*

सभी जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी में दवाओं का भंडार, एम्बुलेंस और मोबाइल मेडिकल टीम तैयार रखने और हाइपोथर्मिया, फ्रॉस्टबाइट के मामलों पर नजर रखने को कहा गया है। वहीं पाला और बर्फबारी से प्रभावित सड़कों को चिन्हित कर मशीनरी तैनात करने, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर लगाने और सड़कों पर चूना-नमक छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं।

दूरस्थ और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मार्च माह तक खाद्यान्न, डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर और अन्य जरूरी सामान का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने को भी कहा गया है ताकि बर्फबारी में आवाजाही बाधित होने पर लोगों को परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *