*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आईआरडीटी सभागार, देहरादून में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 के 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए पोर्टल विकसित करने वाले अधिकारियों को भी सम्मानित किया।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा अवसर मिलने पर दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सितंबर 2026 में शंघाई में हुई 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने 6 सिल्वर और 20 मेडलियन्स जीतकर 10वां स्थान हासिल किया, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसमें उत्तराखण्ड की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को सिर्फ जॉब सीकर नहीं बल्कि जॉब क्रिएटर बनाना चाहती है। इसके लिए स्टार्टअप नीति, इन्क्यूबेशन सेंटर और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। युवाओं की बात सीधे सरकार तक पहुंचे इसके लिए युवा आयोग के गठन पर भी काम किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक से युवाओं का भरोसा टूटा था, लेकिन सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब पारदर्शी भर्तियां हो रही हैं। राज्य गठन के बाद से अब तक 55 हजार और पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। 100 से अधिक युवा विदेशों में भी सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, खजान दास, सचिव सी. रविशंकर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
