देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू की सफलता की वर्षगांठ पर 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस दिन राज्य के सभी 13 जिलों में, तहसील स्तर तक एक साथ 250 से 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल होगी। राज्य में पहली बार इतने बड़े स्तर पर एक साथ मॉक ड्रिल हो रही है।

मंगलवार को USDMA के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस (OCC) हुई। इसमें सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।

*क्या-क्या होगा?*

– *25 नवंबर:* सभी जिलों में टेबल टॉप एक्सरसाइज

– *25-27 नवंबर:* विकासखंडों में BDC बैठक, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, स्कूलों में मॉक ड्रिल

– *28 नवंबर:* 250-300 स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल

*किन आपदाओं का होगा अभ्यास?*

भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, GLOF, हिमस्खलन, जंगल की आग, टनल हादसा, सड़क हादसा, भवन ढहना, भगदड़, आगजनी, औद्योगिक-रासायनिक हादसा, हेली इमरजेंसी लैंडिंग, डैम से जल प्रवाह समेत कई परिस्थितियां।

*मॉक ड्रिल में क्या परखा जाएगा?*

सूचना मिलते ही त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की तैनाती, आपातकालीन संचार, कमांड-कंट्रोल, घायलों की निकासी-उपचार, राहत सामग्री और विभागों के बीच समन्वय।

राहत शिविरों में बिजली, पानी, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार, गर्भवती महिलाओं की व्यवस्था परखी जाएगी। महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस-होमगार्ड तैनात रहेंगे।

इसमें SDRF, NDRF, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, PWD, पेयजल, विद्युत, नगर निकाय, ITBP, NCC, NSS, आपदा मित्र, पूर्व सैनिक, NGO और स्थानीय समुदाय भाग लेंगे।

*स्कूल और कार्यालय:*

– 100 से ज्यादा छात्रों वाले स्कूलों में 25-27 नवंबर के बीच मॉक ड्रिल

– 28 नवंबर को स्कूलों में वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन प्रतियोगिता

– सरकारी कार्यालयों में 3-5 सदस्यों की समिति आग, भूकंप, बाढ़ जैसे खतरों का आकलन करेगी और अग्निशमन उपकरणों की जांच करेगी

सचिव सुमन ने कहा – मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें। सिल्क्यारा ने दिखाया है कि समन्वय और टीमवर्क से जान बचाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *