मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली के पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बैणी-भुली योजना से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और इसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास सहित कई योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना में बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण भी दिया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें गोविंदघाट में मोटर पुल, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मार्ग सुधारीकरण सहित कई सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण-सुधारीकरण की भी घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *