उत्तराखंड विधानसभा में टिहरी में तैनात तीन डॉक्टरों की लापरवाही का मामला विपक्ष द्वारा उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। मामला दो गर्भवती महिलाओं की मृत्यु से जुड़ा हुआ है, इसलिए सदन में मामला उठने के बाद अब कार्रवाई होगी। टिहरी जिले के विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर में कुछ दिनों पूर्व सीएससी चौंड से जिला अस्पताल बौराड़ी को रेफर की गई ग्राम हेरवालगांव की दो गर्भवती महिलाओं की मृत्यु का मामला प्रतापनगर से कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नेगी ने सदन में जब उठाया तो स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने भी सदन में डॉक्टरों की लापरवाही को स्वीकार किया। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि सीएससी में तीन चिकित्सकों की तैनाती है, लेकिन तीनों चिकित्सकों की अनुपस्थित इस दौरान देखने को मिली जिस पर रिपोर्ट के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई अब की जा रही है।
