देहरादून.
गांधी रोड स्थित एक मोटर मैकेनिक की दुकान पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि दोनों ओर से लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से वार किए गए। इसमें एक पक्ष के युवक के सिर की हड्डी टूट गई। दूसरे युवक के सिर पर 36 टांके आए हैं। जबकि, दूसरे पक्ष के भी दो व्यक्तियों और एक महिला को चोट आई हैं। दोनों पक्षों की तहरीरों पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाल कैलाश चंद भट्ट ने बताया कि पहले पक्ष के मोहम्मद नाजिम निवासी गांधी रोड ने शिकायत की। नाजिम का कहना है कि उसके तीन भाई फिरोज, शाहरोज, शाहबाज बाइक मैकेनिक हैं। गत बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे उनकी दुकान पर ताशिन, साकिब, उमर, अशब, शाईन आदि युवक आए। इन्होंने बाइक ठीक कराई थी। नाजिम के भाइयों ने इनसे पैसे मांगे तो सभी युवक गुस्सा करने लगे और पैसे देने से इन्कार कर दिया। इसी बीच नाजिम के ताऊ का बेटा तासिम भी वहां आ गया। आरोप है कि तासिम ने अपने इन साथियों के साथ मिलकर उसके भाइयों पर लोहे की रॉड व धारदार हथियारों से वार कर दिया। इससे फिरोज के सिर की हड्डी टूट कर उसके दिमाग में घुस गई। दूसरे भाई शाहबाज के सिर पर भी 36 टांके आए हैं। जबकि, तीसरे भाई की दाएं हाथ की हड्डी टूट गई। सभी को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर कोतवाल ने बताया कि मामले में ताशिन, साकिब, उमर अशब, शाईन के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, दूसरी तहरीर मोहम्मद उमर निवासी इनामुल्ला बिल्डिंग ने दी। उमर के अनुसार वह अपनी चकराता रोड स्थित दुकान से अपने घर जा रहा था। इसी बीच शाहबाज, नाजिम, फिरोज उर्फ सोनू, शाहरोज उर्फ गुड्डा ने उसे रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो मारपीट की। किसी तरह वह जान बचाकर अपने घर पहुंचा और पिता व मामा को इसकी जानकारी दी।
