रुड़की: चैंपियन उमेश फायरिंग विवाद अभी थमा नहीं है. खानपुर से विधायक उमेश कुमार को सोमवार पुलिस ने गिरफ्तार किया, लेकिन शाम को उन्हें रुड़की कोर्ट से जमानत मिल गई. जमानत मिलने के बाद खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उनकी पत्नी को खरी खोटी सुनाई. उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी बिरादरी का अपमान नहीं किया है, कुछ लोग बिरादरी का सहारा लेकर अपने गलत कामों पर पर्दा डालने का प्रयास करते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी बिरादरी से नहीं बल्कि निजी है।

 

बता दें कि कोर्ट से जमानत मिलने के बाद खानपुर विधायक उमेश कुमार सोमवार की रात अपने कैंप कार्यालय पर लोगों से बात कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी समाज से नहीं है और वह सर्व समाज की राजनीति करते हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग पहले गलत टिप्पणी करते हैं और फिर बिरादरी का सहारा लेकर बचने का प्रयास करते हैं।

 

इस दौरान उन्होंने कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पत्नी देवयानी सिंह को भी आड़े हाथों लिया. उमेश कुमार ने कहा कि ‘देवयानी जी आप जिस अनियंत्रित आदमी के साथ रह रही हैं उसको नियंत्रित करिए आपकी भी दो बेटियां हैं. उन्होंने कहा कि जो दूसरों की माताओं के लिए अभद्र टिप्पणी करता है, वह अपने गिरेबान में झांके, उन्होंने कहा कि कभी अपने मन में झांकिये तब पता लगेगा कि बिरादरी क्या है. बिरादरी ने तुमको सिरमौर बनाकर रखा और तुमने इसी बिरादरी का अपमान किया. उन्होंने कहा कि अगर उनके परिवार पर अगर कोई कीचड़ उछालेगा तो वो बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि हम बिरादरी की नहीं सर्व समाज की राजनीति करते हैं और हमने किसी बिरादरी का कोई अपमान नहीं किया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *