देहरादून.

उत्तराखंड के पौड़ी में जितेंद्र सिंह आत्महत्या केस में बीजेपी ने बड़ा एक्शन लिया है. बीजेपी युवा मोर्चा ने प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है. जितेंद्र सिंह ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया था. जिसमें ₹35 लाख हड़पने का आरोप लगाते हुए हिमांशु चमोली को मौत का जिम्मेदार बताया था. फिलहाल, हिमांशु चमोली को पुलिस ने आरोप के आधार पर हिरासत में लिया है. 21 अगस्त को पौड़ी ब्लॉक के तलसारी गांव में जितेंद्र सिंह (उम्र 32 वर्ष) ने अपने कार के अंदर आत्महत्या कर ली थी. कार में सिंगल बोर बंदूक और कारतूस का खोखा मिला था. जिससे माना जा रहा है कि इसी से जितेंद्र ने अपनी जीवनलीला समाप्त की, लेकिन आत्महत्या से पहले जितेंद्र सिंह ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया था. जिसमें जितेंद्र रोते हुए हिमांशु चमोली नाम के युवक पर 35 लाख रुपए हड़पने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाता नजर आ रहा है.

 

जितेंद्र सिंह का घर देहरादून के भानियावाला में भी है. जहां पर उसकी पत्नी और परिवार रहता है. आत्महत्या करने से पहले बीजेपी नेता हिमांशु चमोली पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. जितेंद्र ने वीडियो में कहा कि हिमांशु को जमीन के लिए 35 लाख रुपए कैश में दिए. साथ ही उसने फोन खरीदने और दफ्तर खोलने के लिए पैसे लिए. इसके अलावा जितेंद्र ने हिमांशु पर अपने ऊपर हमला करने वाले लोगों से मिलीभगत करने का भी आरोप लगाया था. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने और जितेंद्र की हत्या के बाद हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस ने हिमांशु चमोली को हिरासत में लिया, फिर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है. पूरे मामले में पौड़ी एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि गोली उसके गले पर लगी थी. जिसके चलते उसकी मौत हुई है. फिलहाल, पूरे मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं, उसके आधार पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *