देहरादून। राज्य में अतिवृष्टि एवं भूस्खलन जैसी आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम ने सोमवार को विभिन्न जनपदों का स्थलीय दौरा किया। टीम ने आपदा से उत्पन्न स्थिति का विस्तृत अवलोकन कर प्रभावित लोगों की समस्याओं, क्षति एवं आवश्यक राहत कार्यों का आकलन किया। निरीक्षण से पूर्व टीम ने सुबह यूएसडीएमए स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर बैठक की। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने टीम को आपदा से हुई क्षति के बारे में एक प्रस्तुतीकरण दिया।

 

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सुमन ने बताया कि इस वर्ष पिछले कुछ सालों की तुलना में काफी अधिक बारिश हुई है, इसलिए नुकसान भी काफी ज्यादा हुआ है। राज्य ने धराली तथा थराली जैसी भीषण आपदाओं का सामना किया है। आपदाओं के कारण लोगों की आजीविका को व्यापक स्तर पर प्रभावित किया है। कृषि, बागवानी, व्यापार, पर्यटन, व्यवसाय को काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के जीवन को सामान्य बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और इस दिशा में केंद्र सरकार द्वारा भरपूर सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *