चमोली.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को गौचर में आयोजित ‘नंदा-गौरा’ महोत्सव में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को धरातल पर उतारने का काम कर रही है।

मातृशक्ति के सहयोग से ही हमारा राष्ट्र उन्नति के नए शिखर को छू रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीमांत जनपद चमोली के लिये 400 करोड से अधिक़ की 604 विकास योजनाओं का लोकापर्ण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 97 करोड लागत़ की 260 योजनाओं का लोकार्पण तथा 303 करोड़ की 344 योजनाओं का शिलानयास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन कर मातृशक्ति को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने गौचर हवाई पट्टी से मेला मैदान तक विशाल रोड शो में भी प्रतिभाग किया। इस दौरान सीमांत के लोगों तथा स्थानीय विद्यालय के छात्रों ने पारंपरिक परिधान एवं वाद्य यंत्रों के साथ पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

नंदा-गौरा महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा मां नन्दा चमोली जिले के साथ ही पूरे गढ़वाल और कुमांऊ मंडल में अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजनीय है। मां नंदा को हम ध्यांण मानते हैं और एक विवाहित बेटी के रूप में मां नंदा की कैलाश विदाई के लिए हर साल सिद्वपीठ कुरूड़ से लोकजात यात्रा और 12 वर्षो में राजजात यात्रा आयोजित की जाती है। जबकि गौरा देवी पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व विख्यात चिपको आंदोलन की अगुवा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह भगवान बद्रीनाथ की पावन भूमि है। उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होना अपना सौभाग्य बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी माताएं, बहनें आज कुटीर उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री के माणा गांव के भ्रमण के दौरान हमारी बहनों ने उनको भोजपत्र पर लिखा एक अभिनंदन पत्र भेंट किया था। प्रधानमंत्री जी ने मन की बात कार्यक्रम के 103 वॉ संस्करण में भी भोजपत्र के उत्पादों की जमकर सराहना की।
