*देहरादून।* मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन आरआरटीएस का सपना अब साकार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड, यूपी और एनसीआरटीसी के बीच मेरठ से ऋषिकेश तक विस्तार पर सहमति बन गई है। अब परियोजना की डीपीआर के लिए जल्द सर्वे शुरू होगा।
इसी साल फरवरी में दिल्ली से मेरठ मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। इसे मोदीपुरम से ऋषिकेश तक बढ़ाने की मांग को लेकर सीएम धामी लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलकर प्रस्ताव सौंपा था।
परियोजना को गति देने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। एनसीआरटीसी और उत्तर प्रदेश सरकार ने भी सहमति दे दी है।
*रूट और समय*: मोदीपुरम से नया ट्रैक मुजफ्फरनगर होते हुए उत्तराखंड में प्रवेश करेगा। रुड़की, हरिद्वार की हर की पैड़ी से होता हुआ ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। 150 किमी ट्रैक में 72 किमी यूपी और 78 किमी उत्तराखंड में होगा।
अभी दिल्ली से ऋषिकेश सड़क मार्ग से 5-6 घंटे लगते हैं। 160 किमी/घंटा की रफ्तार वाली नमो भारत ट्रेन से यह सफर ढाई से तीन घंटे में पूरा होगा। तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। राज्य सरकार केंद्र, यूपी सरकार और एनसीआरटीसी के साथ समन्वय कर रही है ताकि रेल अवसंरचना से विकास और रोजगार के नए अवसर बनें।
