*सोमेश्वर/अल्मोड़ा, 27 जुलाई।* ग्राम सभा गल्ली बस्यूरा स्थित श्री गोलू देव एवं श्री हरज्यू देव मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय बैसी (जागर) धार्मिक अनुष्ठान में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या शामिल हुईं। इसके बाद उन्होंने गांव कुंवाली कोरेधार स्थित गोलज्यू देवता मंदिर में आयोजित 22 दिवसीय बैसी कार्यक्रम में भी सहभागिता की।

 

मंदिर प्रांगण में रेखा आर्या ने न्याय के देवता भगवान गोलू देव और श्री हरज्यू देव के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित भी किया।

 

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देव परंपराएं और जागर जैसे धार्मिक अनुष्ठान हमारी सांस्कृतिक पहचान और आस्था के मजबूत आधार हैं। इन परंपराओं को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत ही उत्तराखंड की सबसे बड़ी धरोहर है, जिसे संरक्षित रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।

उन्होंने भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन के लिए ग्रामवासियों, आयोजन समिति और क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायप्रिय भगवान गोलू देव का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *