विश्व बाघ दिवस पर बाघ आधारित पोस्टकार्ड का विमोचन, वन्यजीव संरक्षकों को किया सम्मानित

*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास काफी नहीं हैं। इसके लिए जनभागीदारी और जन-जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देकर उत्तराखंड को सिंगल-यूज़ प्लास्टिक मुक्त राज्य बनाने का संकल्प पूरा करना होगा।

 

मुख्यमंत्री बुधवार को विश्व बाघ दिवस के अवसर पर जाखन स्थित एक होटल में “एकल उपयोग प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रवर्तन” विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला में बोल रहे थे।

 

*बाघ हमारी जैव विविधता के प्रतीक*

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यशाला आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बाघ केवल वन्यजीव नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध जैव विविधता और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतीक है। “यदि जंगल सुरक्षित रहेंगे तो बाघ सुरक्षित रहेंगे और प्रकृति का संतुलन भी बना रहेगा।”

इस अवसर पर उन्होंने बाघ संरक्षण पर आधारित चित्र एवं पोस्टकार्ड का विमोचन किया। साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष में साहस दिखाने और वन्यजीव संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।

*प्लास्टिक से वन्यजीवों को खतरा*

सीएम धामी ने कहा कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक नदियों, मिट्टी और जल स्रोतों के साथ वन्यजीवों के लिए भी गंभीर खतरा है। जंगलों में फेंका प्लास्टिक अक्सर वन्यजीवों के भोजन में चला जाता है, जिससे उनका स्वास्थ्य खराब होता है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

 

उन्होंने लोगों से कपड़े और जूट के थैले अपनाने, पर्यटकों से कचरा न फैलाने और उद्योगों से इको-फ्रेंडली पैकेजिंग अपनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ भारत अभियान और नमामि गंगे जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

*कार्यक्रम में ये रहे मौजूद*

कार्यक्रम में मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी इशिता सजवाण, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, PCCF हॉफ कपिल लाल, PCCF वन्यजीव नीना ग्रेवाल और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *