*देहरादून, 07 अगस्त 2026*

चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने कर्णप्रयाग और सिमली में आधुनिक पार्किंग परियोजनाओं को रफ्तार दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को दोनों परियोजनाओं की वित्तीय समिति की बैठक हुई।

बैठक में परियोजनाओं के वित्तीय, तकनीकी और निर्माण पहलुओं की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

*कर्णप्रयाग में मिलेगी बड़ी राहत*

कर्णप्रयाग पार्किंग की अनुमानित लागत ₹3.73 करोड़ है। यहां 22 चारपहिया वाहनों की पार्किंग बनेगी। प्रथम तल पर एक आधुनिक कमर्शियल हॉल भी प्रस्तावित है, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में मुख्य बाजार में सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग से जाम लगता है। नई पार्किंग से यातायात व्यवस्थित होगा।

*सिमली बनेगा ट्रैफिक हब*

सिमली पार्किंग परियोजना की लागत ₹3.98 करोड़ आंकी गई है। इसमें 30 चारपहिया वाहनों की क्षमता होगी। सिमली एनएच-07 पर चारधाम यात्रा, नंदा देवी राजजात और गैरसैंण मार्ग का महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां यात्रा सीजन में भारी जाम लगता है। नई पार्किंग से सड़क किनारे वाहनों की संख्या घटेगी और यातायात सुचारु होगा।

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार चारधाम मार्गों पर टिकाऊ सुविधाएं विकसित करने को प्रतिबद्ध है। ये परियोजनाएं सिर्फ पार्किंग नहीं, बल्कि बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगी। गुणवत्ता के साथ शीघ्र निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *