*देहरादून*। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली गई _’हर घर तिरंगा यात्रा’_ में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 अगस्त को अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर में उत्तराखण्ड आंदोलन के नायक इन्द्रमणी बडोनी और बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा उत्तराखंड वीरभूमि है और हर दूसरा परिवार देश सेवा से जुड़ा है। सरकार वीर जवानों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले एक साल में जीएसडीपी में 7.23% और प्रतिव्यक्ति आय में 41% की वृद्धि हुई है। राज्य में 20 हजार नए उद्योग और 1750 से अधिक स्टार्टअप शुरू हुए हैं। नकल विरोधी कानून के बाद 5 साल में 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
इस अवसर पर सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायकगण और मेयर सौरभ थपलियाल सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
