*देहरादून।* राजस्व वृद्धि को लेकर मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में लक्ष्य के सापेक्ष अर्जित राजस्व की समीक्षा की गई और राजस्व बढ़ाने के लिए नए प्रयासों एवं नवाचारों पर चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने कहा कि एसजीएसटी में अभी काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने एसजीएसटी विभाग को टैक्स चोरी रोकने के लिए एआई आधारित जांच बढ़ाने और अगले 4-5 महीनों में एआई बेस्ड मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर संबंधी विभागों का डाटा इंटीग्रेशन करने पर जोर दिया।

उन्होंने परिवहन विभाग के एएनपीआर कैमरों के प्रभावी उपयोग और सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में रजिस्ट्रेशन कार्यों के डिजिटलीकरण के निर्देश दिए। खन के लिए वन और गैर वन क्षेत्रों में नए लाटस चिन्हित करने और जिला प्रशासन का सहयोग लेने को कहा। परिवहन के एएनपीआर कैमरों को खन, वन और राज्य कर विभाग के साथ इंटीग्रेट करने की बात भी कही।

मुख्य सचिव ने कहा कि वन निगम जिन खनन व प्रकाष्ठ लॉट्स पर काम नहीं कर पा रहा, उन पर वन विभाग कार्रवाई करे। प्रदेश में जड़ी-बूटी क्षेत्र की संभावनाओं का अध्ययन करने, कार्बन क्रेडिट और नए इको टूरिज्म स्थलों को आय का स्रोत बनाने के निर्देश दिए। जनसामान्य को प्रकाष्ठ की ऑनलाइन उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आईटीडीए से तकनीकी सहायता लेने को भी कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *