*देहरादून।* सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सड़क सुरक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश में दुर्घटनाओं की स्थिति, ब्लैक स्पॉट के सुधार और जनपद स्तरीय समितियों की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण करने और सड़क की डिजाइन संबंधी खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस अड्डों का नियमित रोड सेफ्टी ऑडिट कराने और ऑडिट रिपोर्ट के सुझावों को लागू करने को कहा।
बैठक में दो पहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने, यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्वतीय मार्गों पर क्रैश बैरियर लगाने की प्रगति की भी समीक्षा हुई।
मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए हर 2-3 महीने में अभियान चलाया जाए। इसके लिए स्कूलों में सड़क सुरक्षा क्लब बनाने और सिनेमाघरों में जागरूकता फिल्में दिखाने के निर्देश दिए। साथ ही राहवीर योजना का प्रचार और हिट एंड रन के लंबित मामलों का निस्तारण करने को कहा।
