देहरादून, 2 सितंबर। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को प्रदेश में संचालित और प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने ब्रिडकुल को रोपवे रेग्युलेशन और रूल्स शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए और सभी परियोजनाओं में लंबित प्रक्रियाओं, भूमि संबंधी मामलों और विभागीय समन्वय को प्राथमिकता पर निस्तारित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रोपवे कनेक्टिविटी पर्यटन और यातायात को नई दिशा देगी, इसलिए समयबद्धता और गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने रोपवे प्रोजेक्ट में पार्किंग डेवलपमेंट अनिवार्य रूप से शामिल करने को भी कहा।

बैठक में केदारनाथ धाम और हेमकुंड साहिब रोपवे की प्रगति की समीक्षा कर तेजी लाने और नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। नैनीताल क्षेत्र के रानीबाग-ज्योलीकोट-हनुमानगढ़ी-कैंचीधाम और रानीबाग-भीमताल-भवाली प्रोजेक्ट में NHLML और UKMRC को इंटीग्रेशन सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा जोशीमठ-औली-गोरसों, रैथल-बारसू, पुरकुल, यमुनोत्री-जानकी चट्टी, हनुमानचट्टी-पूर्णागिरि और तपोवन-कुंजपुरा रोपवे परियोजनाओं की भी समीक्षा कर लंबित कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी और जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *