देहरादून, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को IRDT सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 26 अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों (मदरसों) को मान्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम की थीम “नई पहचान, नया सम्मान। आधुनिक शिक्षा से उज्ज्वल भविष्य” रही।

सीएम ने कहा कि यह अल्पसंख्यक शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक शुरुआत है। परंपराओं का महत्व है, लेकिन अब समय ज्ञान-विज्ञान, साइंस, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और AI का है। बच्चों को आधुनिक, व्यावहारिक और रोजगारपरक शिक्षा देना समय की जरूरत है ताकि वे डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक बन सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण या UCC किसी वर्ग को टारगेट करने के लिए नहीं है, सरकार का उद्देश्य सभी को समान अवसर देना है। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई हो रही है, वैध दस्तावेज वालों को परेशान नहीं किया जाएगा।

सीएम ने देहरादून के 6, हरिद्वार के 19 और ऊधमसिंह नगर के 1 सहित कुल 26 संस्थानों को मान्यता दी।

कार्यक्रम में मंत्री खजान दास, प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *