देहरादून, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्य सेवक सदन में पशुपालन और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के 101 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, अब नौकरी सिफारिश से नहीं मेहनत से मिल रही है।
CM ने कहा कि दोनों विभाग ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़े हैं। सरकार आंचल अमृत, घस्यारी कल्याण और राज्य पशुधन मिशन जैसी योजनाओं से पशुपालन को बढ़ावा दे रही है। गन्ना किसानों को यूपी से 5 रुपये प्रति कुंतल अधिक मूल्य दिया जा रहा है और सर्वे ऑनलाइन किया गया है।
उन्होंने नवनियुक्तों से जनसेवा की भावना, ईमानदारी और सरलीकरण, समाधान, निस्तारण, संतुष्टि के मंत्र के साथ काम करने को कहा।
