देहरादून, 4 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त माह की किस्त जारी की। वन-क्लिक के माध्यम से 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख रुपये की धनराशि भेजी गई।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि अगस्त माह में 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत की गई है, जिनमें वृद्धावस्था के 3,945, विधवा के 1,000 और दिव्यांग के 416 लाभार्थी शामिल हैं। कुल लाभार्थियों में 2.14 लाख NSAP के तहत और 7.77 लाख राज्य स्तर पर आच्छादित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कमजोर और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी पात्र पेंशन से वंचित न रहे। पेंशन व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया जाए।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *