देहरादून, 4 सितंबर। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्धा रेखा बंसल की हत्या की गुत्थी दून पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सुलझा दी। एसएसपी देहरादून की कुशल रणनीति पर पुलिस ने आरोपी विनीत कुमार (33) को रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार किया है।

3 सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 पर सूचना दी थी कि उनकी पत्नी घर में अचेत पड़ी हैं और चेहरे पर चोट के निशान हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 बुलाया, जिसने महिला को मृत घोषित किया। एसएसपी खुद मौके पर पहुंचे और FSL टीम से साक्ष्य संकलन कराया। थाना रायपुर में धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि विनीत, जो उत्तरकाशी का मूल निवासी है और अजबपुर कलां में रहता है, पिछले 15 साल से दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित बुक शॉप ‘अनुज प्रकाशन’ में हेल्पर था। बकाया वेतन को लेकर विवाद हुआ तो उसने हाथ में पहने कड़े से वृद्धा के चेहरे पर वार कर दिया। चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी और सोने का कड़ा लूटकर फरार हो गया। बाद में कपड़े बदल लिए।

पुलिस ने मृतका से लूटा गया कड़ा, वार में प्रयुक्त कड़ा और मोबाइल बरामद किया है। आरोपी पर धारा 103(1)/309(4)/117(2) BNS के तहत कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। खुलासा करने वाली टीम को IG गढ़वाल ने 5 हजार और SSP ने 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *