देहरादून, 4 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल में बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान उनकी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा हमेशा सत्य, सेवा और करुणा का मार्ग दिखाती है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन इसी परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति और मानव सेवा का संदेश आज भी प्रासंगिक है।
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ संतों की भूमि भी है और कैंची धाम आज विश्वभर में आस्था का केंद्र है। ऐसी फिल्में नई पीढ़ी को सनातन मूल्यों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने फिल्म के निर्माताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सकारात्मक फिल्मों से समाज में संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और इसे 7 अगस्त को देशभर में रिलीज किया गया था।
