*देहरादून / ऋषिकेश।* मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने ऋषिकेश और देहरादून में बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे तीन निर्माण स्थलों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा है।

*ऋषिकेश में रेलवे रोड पर कार्रवाई -*

पहला मामला ऋषिकेश के रेलवे रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे का है, जहां विनोद अग्रवाल द्वारा व्यावसायिक दुकान के लिए बिना नक्शा पास कराए छत डाली जा रही थी। एमडीडीए ने उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत वाद दायर कर स्थल को सील कर दिया।

*देहरादून के माजरा में दो निर्माण सील -*

दूसरे दो मामले देहरादून के माजरा क्षेत्र में मुस्कान होटल के पीछे के हैं, जहां शाहिद नाम के भवन स्वामी द्वारा दो अलग-अलग जगहों पर बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण किया जा रहा था। जांच के बाद दोनों निर्माण स्थलों को सील कर दिया गया।

*अधिकारियों ने दी चेतावनी -*

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास के लिए नक्शा पास कराना अनिवार्य है, बिना स्वीकृति के निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माणों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, भवन स्वामी निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराएं, नियम तोड़ने पर नोटिस, सीलिंग और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *