*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गढ़ी कैंट के जसवंत सिंह ग्राउंड में आयोजित गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि हरितालिका तीज उत्सव को सरकारी स्तर पर और अधिक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

सीएम ने कहा कि तीज माता पार्वती की तपस्या, विश्वास और शक्ति का प्रतीक है, ये पर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में गोर्खाली समाज का अहम योगदान है, गोर्खा समाज अपनी वीरता, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति के लिए जाना जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मसूरी विधानसभा में अमर शहीद कैप्टन दल बहादुर थापा की स्मृति में आजाद हिन्द फौज शहीद द्वार का शिलान्यास भी किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों को शौर्य और बलिदान से परिचित कराएगा।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, राज्य में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण, समान नागरिक संहिता लागू की गई है और स्वयं सहायता समूहों से 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आचार्य बालकृष्ण, गीता पुष्कर धामी, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *