*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजपुर रोड स्थित होटल में सर्राफ मंडल देहरादून द्वारा आयोजित भव्य ज्वैलरी एग्जीबिशन का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शित आभूषणों, पारंपरिक डिजाइनों और स्वर्णकारों की कला की सराहना की।

सीएम ने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय कला और स्थानीय हुनर को नई पहचान देते हैं। स्वर्णकार समाज सिर्फ आभूषण नहीं बनाता बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम करता है। विवाह, त्योहार और धार्मिक अवसरों पर आभूषण हमारी परंपरा के प्रतीक रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया से कारीगरों को नए अवसर मिल रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी पारंपरिक कौशल को बढ़ावा दे रही है।

सीएम ने कहा कि गढ़वाली नथ, पौंजी, चंपकली हार, कुमाऊंनी गुलोबंद जैसे उत्तराखंड के पारंपरिक आभूषणों को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने की जरूरत है। इन्हें आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़कर लोकल टू ग्लोबल किया जा सकता है, जिससे कारीगरों को रोजगार मिलेगा और युवा संस्कृति से जुड़ेंगे।

इस अवसर पर सर्राफ मंडल के पदाधिकारी, आभूषण व्यवसायी और कारीगर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *