*देहरादून, 7 सितंबर।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत राजकीय और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों और राज्य विश्वविद्यालयों के 11 हजार छात्रों को पहले चरण में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवा आर्थिक तंगी और अच्छे मार्गदर्शन के अभाव में कोचिंग से वंचित रह जाते हैं। सरकार ने तय किया है कि संसाधनों की कमी किसी युवा के सपनों में बाधा नहीं बनेगी।

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत युवा शक्ति है। राज्य सरकार ने नकल विरोधी सख्त कानून लागू कर पिछले 5 साल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। सरकार का लक्ष्य युवा को नौकरी मांगने वाला ही नहीं, नौकरी देने वाला बनाना है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि युवाओं की आशाओं और रोजगार से जुड़े विषयों पर काम के लिए राज्य में अलग ‘युवा आयोग’ बनाया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों से संवाद कर उन्हें बड़े सपने देखने और मेहनत से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि इस वर्ष से छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाएंगे और ई-ग्रंथालय के माध्यम से 20 लाख पुस्तकों की डिजिटल पहुंच दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *