*देहरादून, 08 सितंबर।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने शहर की हरियाली बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
MDDA ने रायपुर स्थित आर्मी फायरिंग रेंज में फलदार और जड़ी-बूटी वाले पौधों का वृहद रोपण किया है। इस बार प्राधिकरण ने सिर्फ पौधे लगाने तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनकी सुरक्षा के लिए चारों ओर लोहे की वायरिंग और अगले दो साल तक रखरखाव की भी पुख्ता व्यवस्था की है, ताकि पौधे पेड़ बन सकें।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आर्मी अधिकारियों के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने कहा, “पौधे लगाना पहला कदम है, उन्हें पेड़ बनाना असली जिम्मेदारी है। देहरादून की पहचान उसकी हरियाली से है, और तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है।”
उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से फलदार और औषधीय पौधों का चयन किया गया है, जिससे हरित आवरण के साथ-साथ जैव विविधता भी बढ़ेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण अब पौधारोपण के साथ संरक्षण पर फोकस कर रहा है। अक्सर देखभाल के अभाव में पौधे नष्ट हो जाते हैं, इसलिए इस बार दो साल के रखरखाव की व्यवस्था पहले से ही तय की गई है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है जब शहर की हरियाली भी साथ-साथ बढ़े।
