*देहरादून, 10 सितंबर 2026।* महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आज अपने शासकीय आवास से मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत 4812 लाभार्थियों को 2.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि जारी की। यह राशि PFMS के माध्यम से DBT के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि यह योजना 2020 में कोरोना महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खोने वाले बेसहारा बच्चों के लिए शुरू की गई थी, जिसके तहत हर बच्चे को प्रति माह 3000 रुपये की सहायता दी जाती है। जून 2026 तक की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 में 4812 लाभार्थियों के लिए 1.44 करोड़ और अगस्त 2026 में 4779 लाभार्थियों के लिए 1.43 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। दोनों माह को मिलाकर कुल 2.87 करोड़ की राशि वितरित की गई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार जुलाई में 38 और अगस्त में 33 बच्चे 21 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। योजना शुरू होने से अब तक 1513 बच्चे 21 साल पूरे होने और 252 बच्चे अन्य कारणों से योजना से बाहर हुए हैं, यानी कुल 1765 बच्चे अब तक योजना से बाहर हो चुके हैं।
इस मौके पर सीपीओ अंजना गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
