*देहरादून, 10 सितंबर 2026।* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गड़ूल सूर्यधार, रानीपोखरी में करीब 150 बीघा में फैले अनाधिकृत भू-विन्यास को ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण के अनुसार विशाल मनवाल एवं श्री कोठारी द्वारा बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए 150 बीघा भूमि पर सड़क निर्माण, प्लॉटों का सीमांकन और भू-विन्यास का कार्य किया जा रहा था। मामला संज्ञान में आने पर प्राधिकरण ने स्थल का निरीक्षण किया और उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई की।

MDDA ने बताया कि इससे पहले भी इसी स्थल पर 7 जुलाई 2026 को अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण किया गया था। दोबारा निरीक्षण में 50 बीघा के अलावा अतिरिक्त 150 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग का काम पाया गया, जिसके बाद आज बुलडोजर चलाया गया।

*उपाध्यक्ष बोले- अवैध प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं*

MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति भू-विन्यास या निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निरीक्षण में बड़े पैमाने पर अनाधिकृत विकास कार्य पाए गए थे, जिसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण किया गया।

प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले भू-विन्यास और मानचित्र की वैधता की जांच जरूर कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *