*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित ऋषिकुल – श्री मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान को आयुर्वेद, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा के विशिष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को CM आवास में मास्टर प्लान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकुल में आयुर्वेद, मेडिकल टूरिज्म, योग, ज्योतिष और वैदिक गणित को विशेष प्रमुखता दी जाए। यहां उच्च स्तरीय शोध और अध्ययन की व्यवस्था हो ताकि यह भारतीय ज्ञान और आधुनिक शोध के बीच सेतु बने।
CM धामी ने कहा कि आयुष, योग और संस्कृत देवभूमि की पहचान हैं, इसे परिसर में प्रतिबिंबित किया जाए। भवनों का स्वरूप प्राच्य और पारंपरिक स्थापत्य शैली में हो, जबकि सुविधाएं आधुनिक हों। पूरा परिसर ऐसा बने कि यहां आने वाले को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म की अनुभूति हो।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को चरणबद्ध तरीके से दो वर्ष के भीतर पूरा करने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
