*देहरादून, 11 सितंबर 2026।* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देहरादून के ग्राम बद्रीपुर, धर्मावाला और हरबर्टपुर क्षेत्र में लगभग 40-50 बीघा जमीन पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृति के हो रही अवैध प्लॉटिंग को प्राधिकरण ने सील कर दिया है।
प्राधिकरण के अनुसार भू-स्वामी समीर कुरैशी द्वारा प्राधिकरण से बिना नक्शा पास कराए बड़े भू-भाग में प्लॉटों का चिन्हीकरण और बिक्री के लिए कॉलोनी विकसित करने का काम किया जा रहा था। सूचना मिलने पर MDDA ने प्रकरण दर्ज कर वाद दायर किया और नियमानुसार सुनवाई के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अनधिकृत प्लॉटिंग और बिना स्वीकृति विकास कार्यों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां कठोर कार्रवाई होगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के प्लॉटिंग करना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। प्राधिकरण अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी कर रहा है।
MDDA ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी भूखंड को खरीदने से पहले उसका ले-आउट और प्राधिकरण की स्वीकृति की जांच जरूर कर लें। बिना स्वीकृति वाली कॉलोनियों में निवेश करने पर भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानी हो सकती है।
