*श्रीनगर गढ़वाल:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने HNB गढ़वाल विवि के चौरास परिसर में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विकसित उत्तराखंड को लेकर छात्रों के सपने, सुझाव और विजन सुने। सीएम ने कहा कि युवा ही देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं और उनकी ऊर्जा ही विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को छात्रों का व्यापक समर्थन मिला है और प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। संवाद के दौरान रुद्रप्रयाग, देवप्रयाग और पौड़ी के छात्रों ने पलायन, पहाड़ में रोजगार, सरकारी स्कूल-अस्पतालों पर भरोसा, पर्यटन और हेलीकॉप्टर एंबुलेंस जैसे मुद्दों पर सुझाव रखे। इस पर सीएम ने कहा कि पलायन में शिक्षा के लिए बाहर जाना गलत नहीं है, लेकिन पहाड़ की चुनौतियों को अवसर में बदलना होगा।
सीएम धामी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार 500 से अधिक स्मार्ट क्लास, कौशल विकास और मुख्यमंत्री युवा योजना के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही है और नकल माफियाओं पर सख्त कानून बनाया गया है। कार्यक्रम में छात्रा अदिति गौतम ने सीएम को चित्रकृति भेंट की, जबकि शत-प्रतिशत भागीदारी के लिए DM रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा और नोडल शिक्षक अंकुश को सम्मानित किया गया।
