*देहरादून, 29 सितंबर 2026।* मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता पर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में कुल 4611 मुख्यमंत्री घोषणाओं में से 2852 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 1759 लंबित हैं और 447 का विलोपन या मर्ज किया गया है। लंबित 1759 में से 1397 पर कार्रवाई चल रही है, 59 आंशिक रूप से पूरी हुई हैं और 303 अभी भी लंबित हैं। 11 अगस्त 2026 को समीक्षा के समय 627 घोषणाएं लंबित थीं, जो अब घटकर 303 रह गई हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि विलोपन, मर्ज और विभाग हस्तांतरण के मामलों में तेजी लाई जाए। विभिन्न विभागों के बीच तालमेल की कमी से रुके कार्यों को समन्वय से पूरा किया जाए। भूमि हस्तांतरण जैसी प्रक्रियाओं को समानांतर रूप से शुरू कर समय बचाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि यमुनोत्री ट्रैक रूट के सुधारीकरण की कार्ययोजना 15 दिनों में तैयार कर प्रस्तुतीकरण दिया जाए और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी काम हो।
ईको पार्क और अन्य परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ ही उनके संचालन और रखरखाव की व्यवस्था पहले से तय करने, पौड़ी में धारा रोड से एजेंसी चौक तक हेरिटेज स्ट्रीट का कार्य आवास से पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने, कोल्ड स्टोरेज के लिए उपयुक्त भूमि पर ही निर्माण करने और सभी शहरों में ओपन स्पेस, सिटी पार्क व ईको पार्क विकसित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने विभागों को प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर लगातार अपडेट करने और अगली समीक्षा बैठक अक्टूबर मध्य में आयोजित करने को कहा।
