मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के लगभग 8 लाख स्कूली बच्चों को वर्चुअल संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार परिवार और समाज को जोड़ने का माध्यम हैं और इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों से निरंतर जुड़ाव बनाए रखना है।
उन्होंने बच्चों से दीपावली पर स्वच्छता का ध्यान रखने, घर की सफाई में मदद करने, मिट्टी के दीये जलाने और वोकल फॉर लोकल के तहत स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की। साथ ही पटाखों से दूर रहने और सुरक्षा बरतने की सलाह दी। अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने ‘विकल्प रहित संकल्प’ का मंत्र देते हुए लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चय के साथ मेहनत करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम को भविष्य में AI और डिजिटल तकनीक से और अधिक उपयोगी बनाया जाएगा। इससे पहले ढाई लाख से अधिक छात्रों ने निबंध के माध्यम से प्रदेश के विकास पर अपने सुझाव दिए थे, जिन्हें भविष्य की नीतियों में शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा सचिव ज्योति यादव, महानिदेशक आकांक्षा कोंडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
