मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 मानकों वाली इन नई बसों के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। इन 59 बसों में नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर और देहरादून मंडल को 20-20 बसें आवंटित की गई हैं, जिनका संचालन जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अंतिम गांव तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सड़क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन जरूरी है। नई बसों से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा और पर्यटकों को भी सुगम आवागमन मिलेगा। ये बसें पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देंगी।
वर्तमान में परिवहन निगम के बेड़े में 1276 बसें संचालित हैं, जिनमें 891 निगम की अपनी और 385 अनुबंधित बसें हैं। नई बसों से सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को बधाई देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी क्षेत्र बेहतर कनेक्टिविटी से वंचित न रहे। इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव व परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
