मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर माह की 148 करोड़ 18 लाख रुपये की धनराशि DBT के माध्यम से 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और DBT से पारदर्शिता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों के सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। दस्तावेजों की कठिनाई को देखते हुए केंद्र से समन्वय कर लगभग 7 हजार लाभार्थियों को आधार के अभाव में भी विशेष प्रावधान के तहत पेंशन दी जा रही है। दीपावली से पहले पेंशन पहुंचाने के विशेष प्रयास किए गए हैं।
अक्टूबर में वृद्धावस्था पेंशन के 6.24 लाख लाभार्थियों को 93.69 करोड़, विधवा पेंशन के 2.39 लाख को 35.93 करोड़ और दिव्यांग पेंशन के 89 हजार को 13.50 करोड़ सहित किसान, परित्यक्ता, तीलू रौतेली सहित कुल 9.99 लाख लोगों को लाभ मिला। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
