बुधवार को उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास डबरानी की ओर जा रही इनोवा कार UK08 TA 6040 अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में गिर गई। कार में गुजरात के 6 यात्रियों समेत 7 लोग सवार थे, जो गंगोत्री की ओर जा रहे थे। हादसे की सूचना पर SDRF की उजेली और भटवाड़ी पोस्ट से टीमें, NDRF और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू शुरू किया।


रेस्क्यू के दौरान अब तक 4 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक 17 वर्षीय घायल वेदांत पटेल को बचाकर अस्पताल भेजा गया है, जिसे हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी है। मृतकों में अशोकबेन पटेल, रुतिका पटेल, घनश्यामभाई सरवालिया और चालक राहुल अग्रवाल शामिल हैं, जो हरिद्वार निवासी था।
हादसे में दो महिलाएं सुधाबेन पटेल और किरणबेन विशालभाई अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं।
