पटेलनगर क्षेत्र में हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार चल रहे 2 और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 7 नवंबर को राजेश कुमार सोनी 14 लाख रुपये लेकर प्लॉट के सौदे के लिए जा रहे थे, तभी इंद्रेश हॉस्पिटल के पास कुछ युवकों ने मारपीट कर पैसों से भरा बैग लूट लिया था। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने पहले 9 नवंबर को 3 अभियुक्तों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को 1.50 लाख के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
लगातार दबिश के बाद आज पुलिस ने अभियुक्त कर्ण यादव (24) को चंबा, टिहरी गढ़वाल से 32 हजार रुपये के साथ और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल (23) को पटेलनगर क्षेत्र से 38 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया। दोनों घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
इस मामले में अब तक कुल 5 अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं और 2.20 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश जारी है।
