*देहरादून, 12 नवंबर 2026*
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में विभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में महिला एवं बाल कल्याण की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नंदा गौरा योजना से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी की जाए। उन्होंने प्रदेश की पात्र बालिकाओं से 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र बेटी योजना से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों को जल्द फाइनल कर दिसंबर के पहले सप्ताह तक पहली किस्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना में देरी न हो, ताकि महिलाएं स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बन सकें।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही ‘मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना’ शुरू होगी। इसका प्रस्ताव तैयार है और वित्त विभाग में लंबित है, जल्द ही इसे कैबिनेट में लाया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
