*देहरादून, 13 नवंबर 2026*
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान शुरू हो गया है। राज्य में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट सूची में कुल 72,78,035 मतदाता शामिल हैं, जिनमें 37,93,373 पुरुष, 34,84,447 महिला और 215 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इसके अलावा 86,028 सर्विस वोटर हैं। पुनर्गठन के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है। अक्टूबर में चले विशेष अभियान में 1,25,216 नए नाम जोड़े गए और फॉर्म-7 के तहत 6,130 नाम हटाए गए।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को ECI की वेबसाइट http://voter.eci.gov.in और http://ceo.uk.gov.in पर देखा जा सकता है। 1 जनवरी 2027 को 18 साल पूरे करने वाले युवा 11 दिसंबर 2026 तक फॉर्म-6 भरकर ऑफलाइन बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन ECI Net App से आवेदन कर सकते हैं। दावे-आपत्तियां 11 दिसंबर तक ली जाएंगी, सुनवाई 28 दिसंबर तक होगी और फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
