*गौचर / देहरादून, 15 नवंबर 2026*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान मेले के संस्थापक स्व. गोविंद प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल आयोजन नहीं बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इसकी शुरुआत 1943 में भारत-तिब्बत व्यापार के भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। आज यह मेला स्थानीय कारीगरों, SHG और उद्यमियों को मंच देता है और वोकल फॉर लोकल के संकल्प को मजबूत करता है।
CM ने कहा कि चमोली बद्री विशाल की तपस्थली और चिपको आंदोलन की भूमि है। सरकार सीमांत गांवों को प्रथम गांव के रूप में विकसित कर रही है। युवाओं को गांव में ही रोजगार देने के लिए होमस्टे, फिल्म और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से अब तक 6 करोड़ से अधिक का कारोबार हो चुका है।
इस मौके पर CM ने 32.45 करोड़ की गौचर नगरीय पेयजल योजना और 4.59 करोड़ की गैरसैंण पेयजल योजना का लोकार्पण किया। सिमली अस्पताल के मुद्दे पर कमेटी गठित करने और प्रेस क्लब भवन के लिए भूमि चयन का आश्वासन भी दिया। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को गोविंद प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान और लेखक कीर्ति नवानी को महेशानंद नौटियाल शिक्षा सम्मान से सम्मानित किया।
