देहरादून में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई रायपुर थाना क्षेत्र में सहस्त्रधारा रोड पर स्थित सनराइज स्पा सेंटर में की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिले भर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, इसी क्रम में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टचवुड स्कूल के पास स्थित स्पा में स्पेशल सर्विस के नाम पर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल छापेमारी की योजना बनाई गई।
योजना के तहत AHTU टीम और रायपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को स्पा सेंटर पर औचक छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने देखा कि स्पा के एक केबिन में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में थे। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लिया और पूरे स्पा की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री और अनैतिक देह व्यापार से कमाए गए 3740 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में यह बात सामने आई कि स्पा संचालिका लंबे समय से स्पा की आड़ में ग्राहकों को स्पेशल सर्विस के नाम पर यह गोरखधंधा करा रही थी।
पुलिस ने मौके से स्पा संचालित कर रही महिला वकीला पुत्री गुलाम रसूल निवासी लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, माजरा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ थाना रायपुर में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में निरीक्षक राकेन्द्र कठैत, उप निरीक्षक कल्पना पांडेय, उप निरीक्षक विकसित पंवार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। SSP ने कहा कि इस प्रकार के अवैध धंधों में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
