*सोमेश्वर/अल्मोड़ा।* राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत सोमेश्वर विधानसभा के स्याहीदेवी मंडल में भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसनी शुरू कर दी है। इसके तहत स्याहीदेवी मंडल के चार शक्ति केंद्रों रमड़ा, डांगीखोला, गुरना और कयाला में शक्ति केंद्र सम्मेलनों का आयोजन किया गया।

सम्मेलनों में कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद कर प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।

रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की यह विकास यात्रा हमारे पूर्वजों के सपनों और राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष का परिणाम है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और युवाओं के रोजगार एवं स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में सरकार निरंतर काम कर रही है, जिसका असर गांव-गांव में दिखाई दे रहा है।

कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। सभी कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रत्येक बूथ और परिवार तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर है, जिसके लिए अभी से बूथ स्तर पर तैयारी जरूरी है।

रेखा आर्या ने विश्वास जताया कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन, सीएम धामी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा आगामी चुनाव में ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र नयाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हरीश बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, मातृशक्ति और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *