*देहरादून।* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने छठ महापर्व के पावन अवसर पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, आरोग्यता और समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि छठ पूजा केवल व्रत और उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह लोक आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के साथ जुड़ाव और उसके संरक्षण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना का यह महापर्व स्वच्छता, अनुशासन, संयम और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है। डूबते और उगते दोनों सूर्यों की आराधना हमें जीवन में संतुलन, समानता और सकारात्मकता का पाठ पढ़ाती है। यह पर्व बिहार, उत्तर प्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत की समृद्ध लोक संस्कृति को देशभर में एक सूत्र में पिरोता है।
मुख्य सचिव ने कामना की कि भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया के आशीर्वाद से प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि सबके सामूहिक प्रयास से उत्तराखंड निरंतर विकास, प्रगति और उन्नति के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
