देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में चारधाम परियोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क एवं रेल परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि लगभग 825 किलोमीटर लंबे चारधाम यात्रा मार्ग पर विभिन्न पैकेजों में काम चल रहा है, इसमें गति और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने चारधाम परियोजना के अंतर्गत लंबित भूमि अधिग्रहण के प्रकरणों पर चिंता जताते हुए उन्हें अगले 15 दिनों में अनिवार्य रूप से निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अधिग्रहण के साथ ही भूमि स्वामियों को मुआवजे का शीघ्र वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य बाधित न हो। उन्होंने देहरादून-ऋषिकेश बाईपास परियोजना का अधिग्रहण और मुआवजा वितरण एक माह के भीतर पूरा करने को कहा। उत्तरकाशी में भूमि का कब्जा तत्काल उपलब्ध कराने और रुद्रप्रयाग के शहरी क्षेत्रों में करीब 4 किलोमीटर भूभाग से संबंधित कार्यवाही तत्काल पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने रुद्रप्रयाग के नरकोटा क्षेत्र में डायवर्जन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नरकोटा ब्रिज के फैब्रिकेशन की जांच एवं गुणवत्ता परीक्षण के लिए अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। साथ ही सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को साप्ताहिक कार्ययोजना तैयार कर हर सप्ताह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि बाधाओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *