*देहरादून, 18 नवंबर 2026:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम घोषणाओं के अंतर्गत विभिन्न जनपदों के विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए कुल ₹17.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें सड़क निर्माण, मंदिरों एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण, पेयजल सुविधा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर में हुणेश्वर महादेव मंदिर के पास धर्मशाला, कक्षों एवं शौचालयों के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.77 लाख, देवप्रयाग के कीर्तिनगर में बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹36.19 लाख और डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.94 लाख की स्वीकृति दी। पिथौरागढ़ के धारचूला में गटघोरगाड़ी नौलिंग मेला स्थल के निर्माण के लिए ₹79.49 लाख, मदकोट में पैदल अश्व मार्ग के लिए ₹29.84 लाख और डीडीहाट के खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग और पुलिया के लिए ₹93.64 लाख स्वीकृत किए गए।
चम्पावत के लोहाघाट में दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए ₹97.10 लाख, बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग के लिए ₹25 लाख और टनकपुर एवं बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किमी आंतरिक मार्गों के लिए ₹5 करोड़ की स्वीकृति दी गई। हरिद्वार के झबरेड़ा में 50 हैंडपंप के लिए ₹99.44 लाख और भगवानपुर में 200 हैंडपंप के लिए ₹100.43 लाख स्वीकृत किए गए। इसके साथ ही ऊधमसिंह नगर के गदरपुर में ₹184.37 लाख और लोहाघाट में ₹220 लाख के विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई।
