*लखनऊ, 18 नवंबर 2026:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखण्ड एवं उत्तर प्रदेश के मध्य सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत तथा झनकैया पुल एवं सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण का विषय उठाया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों का शीघ्र क्रियान्वयन स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है, इससे स्थानीय लोगों एवं किसानों को लाभ मिलेगा।
दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। उन्होंने परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों के समाधान में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
