*देहरादून, 18 नवंबर 2026:* उत्तराखण्ड और ओडिशा भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में आपसी सहयोग और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के लिए मिलकर कार्य करेंगे। इस दिशा में जल्द ही उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के बीच एमओयू किया जाएगा। बुधवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन तथा ओएसडीएमए के सलाहकार डॉ. कमल लोचन मिश्रा के बीच इस संबंध में सहमति बनी।

बुधवार को डॉ. कमल लोचन मिश्रा के नेतृत्व में ओएसडीएमए के विशेषज्ञ अधिकारियों के दल ने यूएसडीएमए का भ्रमण कर आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दल को उत्तराखण्ड में भूस्खलन न्यूनीकरण, जोखिम आकलन, निगरानी, पूर्व चेतावनी और आधुनिक तकनीक के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. मिश्रा ने बताया कि हाल ही में चक्रवात अर्नब के बाद आई बाढ़ से ओडिशा के गंजाम, गजपति, कंधमाल और रायगड़ा में भूस्खलन की नई चुनौती सामने आई है, जिसमें उत्तराखण्ड की व्यवस्थाएं और नवाचार उपयोगी साबित हो सकते हैं।

सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए राज्यों के बीच ज्ञान, अनुभव और तकनीक का निरंतर आदान-प्रदान आवश्यक है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में भूस्खलन के जोखिम को कम करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, निगरानी, पूर्व चेतावनी प्रणाली, जोखिम मानचित्रण और स्थानीय स्तर पर क्षमता विकास पर लगातार कार्य हो रहा है। भूस्खलन न्यूनीकरण के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तौर पर यूएलएमएमसी की स्थापना की गई है। दोनों राज्यों ने भूस्खलन सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को कम करने के लिए सहयोग को और व्यापक बनाने पर सहमति व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *