*देहरादून, 18 नवंबर 2026:* मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड में 01 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए 20 नवंबर से 27 नवंबर, 2026 तक एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहनता से जांच करेंगे और त्रुटियों को चिन्हित कर संबंधित मतदाताओं के माध्यम से सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, दर्ज विवरण में त्रुटि ठीक कराने अथवा अपात्र प्रविष्टि हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। विशेष अभियान में एक ही मतदाता का नाम एक ही बूथ पर या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज होने पर ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिन्हित कर फॉर्म-7 के माध्यम से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सभी अर्ह सदस्यों का नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरण भली-भांति जांच लें। त्रुटि मिलने पर निर्धारित अवधि में फॉर्म-8 भरकर बीएलओ के पास जमा करें और नाम दर्ज न होने पर फॉर्म-6 से आवेदन करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न देने और जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से लेने की अपील की। ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालयों, तहसीलों और बीएलओ के पास उपलब्ध है, साथ ही http://voters.eci.gov.in और http://ceo.uk.gov.in पर भी देखी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *